श्रद्धालुओं से भरी पिकअप में प्राइवेट बस ने मारी टक्कर, 23 घायल
डीएम और एसपी पहुंचे अस्पताल, बेहतर इलाज का दिया निर्देश

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़:जिले में प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर नगर कोतवाली थाना इलाके के जोगापुर में मौनी अमावस्या के अवसर पर माघ मेला जा रहे श्रद्धालुओं से भरे एक पिकअप वाहन को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। जिससे 23 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।मिली जानकारी के अनुसार संत कबीरनगर जिले के लोहरौली थाना क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले लगभग तीन दर्जन श्रद्धालु मौनी अमावस्या पर स्नान दर्शन हेतु पिकअप वाहन से प्रयागराज माघ मेला के लिए निकले थे। शनिवार सुबह लगभग चार बजे के करीब जैसे ही जिले की नगर कोतवाली थाना इलाके के जोगापुर पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही एक प्राइवेट बस ने श्रद्धालुओं से भरे पिकअप में टक्कर मार दी। जिससे पिकअप पलट गई और उसमें सवार तेइस श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक ( सीओ सिटी ) प्रशांत राज हुड्डा व कोतवाल सुभाष यादव पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तुरन्त मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां सभी का इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना में महिलाओं और पुरुषों को मिलाकर कुल तेइस श्रद्धालु घायल हुए हैं। वहीं पुलिस ने पीछा करते हुए प्राइवेट बस को अपने कब्जे में ले लिया और क्रेन की मदद से पिकअप को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि प्राइवेट बस ने श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। प्राइवेट बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है साथ ही फरार चालक की तलाश की जा रही है। सूचना के बाद डीएम शिवसहाय अवस्थी और एसपी दीपक भूकर ने जिला अस्पताल पहुँचकर दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका हालचाल लिया। इस दौरान अधिकारियों द्वारा चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी प्राप्त करते हुए उचित एवं बेहतर चिकित्सीय उपचार सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।






