नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कृषि एवं पशुपालन,उद्यान विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित

जन एक्सप्रेस/हरदोई:उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के अवसर पर विगत नौ वर्ष की अभूतपूर्व उपलब्धियों को जनमानस को अवगत कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग, पशुपालन विभाग और उद्यान विभाग द्वारा गांधी भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।आयोजित कार्यक्रम में सतीश कुमार पांडेय, उप कृषि निदेशक ने कृषि विभाग की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बताया की विभाग द्वारा विगत नौ वर्षों में कृषक ऋण मोचन के अंतर्गत 122850 कृषकों की 69261.47 लाख रुपए के बैंक का कर्ज माफ किया गया। बीज वितरण के अंतर्गत कृपकों को 1,60,918 कुंतल बीज 50% अनुदान पर एवं 30,000 कुंतल बीज निःशुल्क मिनिकिट के रूप में वितरित किया गया। कृषि यंत्रीकरण की SMAM, CRM योजना के अंतर्गत 80% अनुदान 94 फार्म मशीनरी बैंक, 40% अनुदान पर 226 कस्टम हायरिंग सेंटर और 50% अनुदान पर 3391 एकल कृषि यंत्रों पर कृषकों को अनुदान प्रदान किया गया। पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत 60 % अनुदान पर 2396 कृषकों के खेत पर सोलर पम्प की स्थापना करायी गयी। मिलेट्म पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत 17082 कृषकों को निःशुल्क मिनीकिट और प्रशिक्षण प्रदान कर लाभान्वित किया गया। पीएम फसल बीमा योजना के अंतर्गत 35206 किसानों को 19,31,35,838 रुपए की क्षतिपूर्ति उनके खाते में हस्तांतरित की गयी। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 833249 कृषकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से रु० 2648.744 करोड़ हस्तांतरित की गयी है। प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के अंतर्गत 240 युवा उद्यमियों को प्रशिक्षित कर एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित कराए गए। फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत जनपद में 5,86032 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री बनवाई है, शेष किसान जिन्होंने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनवाई है तत्काल बनवा लें। जिससे उनको सभी योजनाओं का लाभ बिना रुकावट के मिलता रहे। श्री अशोक कुमार सिंह, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी हरदोई ने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे नंद बाबा दुग्ध मिशन, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, पशुधन बीमा योजना, पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड, पशु टीकाकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गयी। श्री सुभाष चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी हरदोई द्वारा उद्यान विभाग से संचालित योजनाओं, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, एकीकृत बागवानी विकास मिशन, वन ब्लॉक बन क्रॉप योजना, पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग की औपचारिकता (PMFME) और हाईटेक नर्सरी के माध्यम से सब्जियों की नर्सरी के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा बुकिंग के माध्यम से ई लाटरी के माध्यम से चयनित 50 किसानों को मूंगफली, मूंग और उर्द का निशुल्क मिनीकिट बीज वितरण और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 20 कृषकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विकास खंड स्तर पर भी किसानों को निःशुल्क मिनिकिट बीज वितरण किया गया।






