उत्तर प्रदेशबहराइच

वन महोत्सव कार्यक्रम में पौधरोपण के लिए निकाली गई जन-जागरूकता रैली

पौध लगाएं, जीवन बचाएं का लिया संकल्प

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

रूपईडीहा, बहराइच। रुपईडीहा वन रेंज के तत्वाधान में वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत पौधरोपण के लिए जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रभात फेरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य संदीप जायसवाल ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पौधरोपण के लिए जन जागरूकता रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों, पर्यावरण प्रहरी, एसएसबी और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में पौध लगाएं, जीवन बचाएं का संकल्प दिलाया गया।

वन क्षेत्राधिकारी रुपईडीहा रेंज अतुल श्रीवास्तव ने उपस्थित छात्र-छात्राओं स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों, प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए आह्वान किया कि इस वर्षाकाल में सभी कम से कम एक पौध अवश्य लगाएं तथा रोपित पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लें। जलवायु परिवर्तन तथा ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को देखते हुए इसे पृथ्वी के अनुकूल बनाने हेतु पौधरोपण और उनका संरक्षण ही एक मात्र विकल्प है। इसी से मानव समाज की रक्षा की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि देश और प्रदेश का वन आवरण बढाया जाये जो मानक के अनुरूप हो। इस क्रम में रूपईडीहा में बड़े पैमाने पर पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसलिए पौधरोपण को जनआंदोलन के रूप में लेकर सफल बनाना होगा। इस संकल्प की पूर्ति तभी संभव है जब हम सभी रोपित पौधों को सरक्षित कराने हेतु इनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी लें। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य श्री जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे इर्द-गिर्द जितनी अधिक संख्या में वृक्ष होंगे उससे हमारा जीवन सुरक्षित रहेगा। वृक्ष ही हमें शुद्ध वातावरण देते हैं। कार्यक्रम का संचालन वन दरोगा मो. अरशद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एसएसबी 42वीं वाहिनी रूपईडीहा वीओपी के इंस्पेक्टर भास्कर कुमार ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए हम सभी लोगों को कम से कम एक पौध रोपित करने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने पौध लगाओ जीवन बचाओ का लोगों को संकल्प दिलाया। वन रेंज कार्यालय से शुरू हुई प्रभात फेरी नगर के विभिन्न मार्गो पर लोगों को जागरूक करते हुए बीओपी एसएसबी से वापस होकर वन रेंज कार्यालय पर समाप्त हुई। पौधरोपण के उपरांत अतुल श्रीवास्तव क्षेत्रीय वनाधिकारी रूपईडीहा द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान विनय राणा, गिरीश चंद श्रीवास्तव, मोहम्मद अरशद सहित क्षेत्र के गणमान्य व संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button