टूंडला में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज ढहा, मची अफरा-तफरी
मलबे में दबे कई मजदूर, 10 को गंभीर हालत में किया गया रेस्क्यू | ठेकेदार मौके से फरार | रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जन एक्सप्रेस टूंडला (फिरोजाबाद): उत्तर प्रदेश के टूंडला में बृहस्पतिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन के ऊपर बन रहा निर्माणाधीन ओवरब्रिज अचानक ढह गया, जिससे मौके पर काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। अब तक 8 से 10 मजदूरों को गंभीर हालत में मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि बाकी की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक जारी रहा।
पिलर के नीचे धंसा नाला बना हादसे की वजह, नया स्लैब डालते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि ओवरब्रिज का जो स्लैब गुरुवार को ही नाले के पास बनाए गए पिलर पर डाला गया था, वह अचानक गिर गया। आशंका है कि नाला धंसने के कारण पिलर कमजोर हो गया, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।
16 मजदूर थे मौके पर, ठेकेदार फरार, प्रशासन अलर्ट पर
साइट पर मौजूद चौकीदार सतेंद्र के मुताबिक, हादसे के वक्त कुल 16 मजदूर काम कर रहे थे। मलबे से अब तक करीब 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है, बाकी की तलाश के लिए जेसीबी और राहत दल तैनात हैं। घटना के बाद पुल निर्माण कार्य का ठेकेदार मौके से फरार हो गया है।
रेलवे कॉलोनी से अहाता शोभाराम तक बन रहा था पुल
यह पुल रेलवे रेस्ट कैंप कॉलोनी से अहाता शोभाराम (लाइनपार क्षेत्र) तक बनाया जा रहा था, जिसका उद्देश्य टूंडला शहर को लाइनपार के गांवों से जोड़ना था। पुल बन जाने से फतेहाबाद सहित 50 से अधिक गांव सीधे टूंडला और आगरा से जुड़ जाते।
प्रशासन, रेलवे व पुलिस टीम मौके पर मौजूद, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, रेलवे और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल घायलों की पहचान और सही संख्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।






