जौनपुर में पीली नदी पुनरुद्धार बना सफलता की मिसाल, पर्यावरण संरक्षण को मिला नया आयाम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर योगी आदित्यनाथ द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित “वन एवं अर्थव्यवस्थाएं” विषयक राष्ट्रीय वानिकी संवाद का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के अधिकांश जनपदों में कम से कम एक नदी के पुनरुद्धार का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है, जो राज्य सरकार की पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इसी क्रम में जौनपुर जनपद में पीली नदी का पुनरुद्धार एक उल्लेखनीय उपलब्धि बनकर सामने आया है। यह पहल न केवल नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने में सहायक रही, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पर्यावरण और जल संरक्षण में बड़ा योगदान
पीली नदी के पुनरुद्धार से जल स्तर में सुधार, हरित क्षेत्र में वृद्धि और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। यह परियोजना जनपद के लिए एक नई सफलता की कहानी बन गई है और अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो रही है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयास रंग लाए
जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से पीली नदी का जीर्णोद्धार संभव हो सका। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण के क्षेत्र में भी एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में स्थापित हो रही है।






