रिटायर्ड फौजी ने बहन का फावड़े से हाथ काटा
बहन गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती
जन एक्सप्रेस/संवाददाता
बहराइच। सरहद की रक्षा करने वाले सेना के रिटायर्ड जवान में पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां को पीटना शुरू कर दिया। मां को बचाने आई रिटायर्ड फौजी की बहन पर भी उसने फावड़े से हमला कर दिया। इस हमले में बहन का हाथ कट कर लटक गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई बौखलाए रिटायर्ड फौजी ने अपने पिता पर भी हमला किया। बाद में वह फरार हो गया। घायल बहन को बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।
कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम पंचायत धरसवा के मजरा लोनियन पुरवा निवासी हरिचरण पुत्र बाउर सेवानिवृत्त आर्मी का जवान है। सेवानिवृत्ति के बाद हरिचरण को रेलवे में नौकरी मिल गई, लेकिन इस समय वह निलंबित चल रहा है। पिता बाऊर ने बताया कि सोमवार को हरिचरण पारिवारिक विवाद के चलते मां की पिटाई करने लगा। इस पर फौजी की बहन राधा पत्नी बैजू बचाने दौड़ी। नाराज सेवानिवृत्त जवान ने फावड़े से बहन के हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। आरोपी भाई ने बहन के दोनों हाथ को फावड़े से काट डाला।
पिता पर भी हमला किया। इसके बाद वह फरार हो गया। घायल राधा देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि दोनों हाथ लटक रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मालूम हो कि राधा देवी का विवाह हो चुका है। लेकिन ससुराल में विवाद के चलते वह मायके में ही रह रही है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाई की जायेगी।






