उत्तर प्रदेशहाथरस
सादाबाद पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हाथरस: थाना सादाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दोपहिया वाहनों की चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे व निशानदेही से चोरी की 6 मोटरसाइकिल, 2 स्कूटी समेत कुल 8 दोपहिया वाहन और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उन्होंने हाथरस, मथुरा, आगरा व आसपास के जनपदों से दोपहिया वाहन चोरी किए थे। चोरी किए गए वाहनों को बेचने के उद्देश्य से एकत्र किया जा रहा था, जिनमें से कुछ को बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद वाहनों में से एक मोटरसाइकिल थाना बरहन, जनपद आगरा से तथा अन्य चार वाहन जनपद मथुरा के थाना ट्रांस यमुना, मथुरा रेलवे स्टेशन, थाना रिफाइनरी और थाना बल्देव क्षेत्र से चोरी/लूट के हैं। शेष तीन वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सादाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।






