जिले में उप निरीक्षक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का सकुशल एवं निष्पक्ष आयोजन

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: जिले में आयोजित उप निरीक्षक सीधी भर्ती परीक्षा- 2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से डीएम शिव सहाय अवस्थी एवं एसपी दीपक भूकर द्वारा जिले में भ्रमणशील रहकर विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत स्थित परीक्षा केंद्र “लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज” का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा चेकिंग, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की तैनाती व सतर्कता का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
साथ ही परीक्षा केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराई जा सके। डीएम और एसपी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधि, नकल अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या उत्पन्न न होने पाए, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्क रहते हुए निरंतर निगरानी बनाए रखें। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा यह भी कहा गया कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः सभी अधिकारी व कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, जिससे परीक्षा सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराई जा सके।






