मातृशक्ति को सलाम: जौनपुर में महिला सशक्तिकरण का भव्य संगम, 9 समूहों को मिली आर्थिक उड़ान

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जौनपुर जनपद के प्रेक्षागृह में शनिवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम पूरी तरह मातृशक्ति को समर्पित रहा। महिला स्वावलंबन, सम्मान और सुरक्षा की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक सहयोग देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने फीता काटकर किया, जबकि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं बीसी सखियों ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन को औपचारिक रूप दिया।
इस दौरान ‘वेदिका फूड्स’ की ओर से सराहनीय पहल करते हुए 9 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी के हाथों सम्मानित होने वाली महिलाओं में सुनिधि चौहान, सुनीता पाल, रामरती, बल्ली, रंजना पाल, रीमा सिंह, शोभावती, सीमा और संगीता शामिल रहीं।
गोबर से बने उत्पादों से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं
ये महिलाएं ‘वेदिका फूड्स’ के माध्यम से गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद—दीया, गमला, हवन टीका और कंडा—तैयार कर न सिर्फ अपनी आजीविका कमा रही हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
योजनाओं से जुड़ें, आत्मनिर्भर बनें: जिलाधिकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को परिवर्तन की अग्रदूत बताते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा अभियान’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके तहत महिलाओं और युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें।
ईद और नवरात्रि की दी शुभकामनाएं
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को चैत्र नवरात्रि और ईद की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि वे बच्चों को शिक्षित करें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी सराहना की गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।






