यमुना सफाई के मुद्दे पर सौरभ भारद्वाज का बीजेपी सरकार पर बड़ा आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कहा नकली यमुना के लिए सबूत मिटाने का आरोप लगाया

जन एक्सप्रेस/दिल्ली: यमुना सफाई के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर आमने-सामने आ गई हैं। छठ महापर्व संपन्न होने के कई दिन बाद रविवार को ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज यमुना के वासुदेव घाट पहुंचे जहां छठ महापर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे । उन्होंने आरोप लगाया कि अब दिल्ली सरकार नकली यमुना बनाने के सभी निशान और सबूत मिटाने लगी है।
नदी की सफाई के नाम पर प्रधानमंत्री और दिल्ली की जनता को गुमराह किया गया
आप’ नेता ने कहा कि अलग घाट बनाकर उसमें फिल्टर्ड पानी लाने के लिए लगाए गए पाइप को हटा दिया गया है। अब यमुना भी पहले जैसी प्रदूषित स्थिति में आ गई है। उन्होंने आरोप लगाए कि दिल्ली सरकार ने नकली यमुना बनाकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। वासुदेव घाट पर वह पाइपलाइन और वॉल्व मौजूद है, जिससे एक मोटा पाइप जमीन के अंदर लाया गया था और वासुदेव घाट में जोड़ा गया था। यह पाइप वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की राइजिंग मेन लाइन से जुड़ा है। राइजिंग मेन लाइन में पंक्चर कर पाइप जोड़ना अवैध है। इसके लिए एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। सरकार बताए कि इस अवैध कनेक्शन के लिए किसने अनुमति दी थी।
वहीं, ‘आप’ पर पलटवार करते हुए दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि सब स्वीकार कर रहे हैं कि आठ माह में भाजपा सरकार ने यमुना सफाई पर ठोस काम किया है। इसको आंशिक सफलता मिल रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार ने 10 साल सत्ता में रह कर यमुना सफाई के नाम पर हजारों करोड़ रुपये का खेल किया। लेकिन, ‘आप’ नेता राजनीतिक हताशा में यह स्वीकारने को तैयार नहीं हैं कि यमुना जल हो या यमुना घाट, दोनों ही ‘आप’ शासन के अंतिम माह जनवरी के मुकाबले अब 25 से 30 फीसदी साफ है। उन्होंने कहा कि यह खेदपूर्ण है कि राजनीतिक द्वेष से भारद्वाज यमुना सफाई व वायु प्रदूषण दोनों पर भाजपा सरकार के काम को नकारते हुए झूठ-सच का खेल खेल रहे हैं।






