उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

स्कूली बस की स्टेयरिंग फेल, बाल बाल बचे नौनिहाल

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़;जिले के कधंई थाना इलाके के अमहरा गांव के समीप मंगलवार को एसआरएमएस पब्लिक स्कूल की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ढे में चली गई। इस हादसे में बस में सवार तीस बच्चों में से दो घायल हो गए जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बस बच्चों को स्कूल ले जा रही थी तभी अमहरा गांव के समीप अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया जिससे बस सड़क किनारे गढ्ढे में चली गई। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावकों की भी भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। वहीं सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कधंई व चौकी प्रभारी दीवानगंज भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटना में घायल समर मौर्य व आर्यन गौतम को एंबुलेंस से सीएचसी बेलखरनाथ धाम भेजवाया। घायल बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। सीओ पट्टी ने भी सीएचसी पहुंचकर बच्चों का हालचाल लिया और दुर्घटना के कारणों के बाबत छानबीन की। गनीमत रही कि बस खड्ढे में जाकर रुक गयी और पलटने से बच गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। सीओ पट्टी मनोज कुमार रघुवंशी ने बताया कि बस की स्टेयरिंग फेल होने के कारण बस सड़क किनारे गढ्ढे में चली गई। बस में कुल तीस बच्चे सवार थे। घायल दो बच्चों को सीएचसी से इलाज के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button