दशहरा पर सुरक्षा कड़ी: डीएम–एसपी ने किया फ्लैग मार्च
मिश्रित आबादी वाले इलाकों में चौकसी और सतर्कता बरतने व शरारती तत्वों पर हो कार्यवाही: डीएम

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: महराजगंज आगामी दशहरा त्यौहार को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने शुक्रवार को परतावल बाजार में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने लोगों को कानून–व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया और संबंधित मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहें और कहीं भी ढिलाई न बरतें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहें। विशेषकर मिश्रित आबादी वाले इलाकों में चौकसी और सतर्कता को और बढ़ाया जाए। उन्होंने शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को दोनों समुदायों के प्रबुद्धजनों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या गलतफहमी को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने दशहरा एवं दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन मार्गों को पूर्व में ही चिन्हित कर सभी आवश्यक इंतज़ाम सुनिश्चित करने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए। वही पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया पर पैनी निगाह रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करें और विसर्जन मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को पुख्ता बनाएं।
फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। इस पहल से आमजन में सुरक्षा और शांति का विश्वास और गहरा हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






