हरदोई में सनसनीखेज वारदात: दिनदहाड़े जेवरात से भरा थैला लूटकर भागे बदमाश, पुलिस के ‘तीसरी आंख’ कैमरे निकले खराब

जन एक्सप्रेस/हरदोई: सवायजपुर कोतवाली के रूपापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई लूट की एक दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सवायजपुर पुलिस सहित अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) ने फौरन मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
गहने गिरवी रखने जा रहे भाइयों से लूटा थैला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी दो भाई राजवीर पुत्र गोवर्धन और सोनपाल पुत्र गोवर्धन शुक्रवार को शाहाबाद जा रहे थे।
-
क्या था थैले में: वे एक ज्वैलर्स के यहां अपना एक सोने का हार, सोने के झाले और एक नाक की नथुनी गिरवी रखने जा रहे थे।
-
कैसे हुई वारदात: शुक्रवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच, जब दोनों भाई सैदापुर के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन रोड पर पहुंचे, तभी नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश आए। बदमाशों ने अचानक राजवीर और सोनपाल के हाथ से गहनों से भरा थैला छीना और रफूचक्कर हो गए।
देर शाम पुलिस अधीक्षक अशोक मीणा ने खुद सवायजपुर कोतवाली पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने टीमें गठित कर घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। थानाध्यक्ष सवायजपुर प्रिंस कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही लुटेरों को दबोच लिया जाएगा।
‘मिशन तीसरी आंख’ फेल: रूपापुर में धूल फांक रहे हैं कैमरे
इस पूरी घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और दावों की पोल खोलकर रख दी है। हरदोई एसपी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए ‘मिशन तीसरी आंख’ के तहत हर चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे, लेकिन रूपापुर का नजारा कुछ और ही है:
-
3 महीने में ही जमींदोज: रूपापुर चौराहे पर लगे कैमरे ओवरलोड ट्रकों की चपेट में आकर महज 2 से 3 महीने में ही टूटकर गिर गए और तब से धूल फांक रहे हैं।
-
पुलिस पर गंभीर आरोप: स्थानीय लोगों का आरोप है कि रूपापुर पुलिस ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई करने के बजाय वसूली में मशगूल रहती है और उन्हें संरक्षण देती है।
अगर आज ये सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होते, तो दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट के आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिए बेहद आसान हो जाता।






