उत्तर प्रदेशमहराजगंज

संवरने लगा शिब्बन लाल सक्सेना प्रतिमा स्थल

जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के तत्वावधान में पत्रकारों के ज्ञापन पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने लिया संज्ञान

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब महराजगंज द्वारा सौंदर्यीकरण और पत्रकार उत्पीड़न के मुद्दे पर सौंपे गए ज्ञापन पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस बूथ को स्थानांतरित करने के मामले में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावी कार्रवाई का निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिया। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद नगरपालिका की टीम ने शुक्रवार को सक्सेना चौराहा स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद शिब्बन लाल सक्सेना की प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने और सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया शुरु कर दी।

प्रतिमा स्थल की उपेक्षा और अतिक्रमण के खिलाफ पत्रकारों की ओर से पूर्व में भी आवाज उठाई गई थी, लेकिन पहली बार प्रशासन की ओर से इस पर गंभीरता से पहल की गई है। नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण, प्रकाश व्यवस्था, फेंसिंग और पेड़-पौधों की सजावट शीघ्र पूरी की जाएगी ताकि यह स्थल जिले की सांस्कृतिक पहचान और प्रेरणा का केंद्र बन सके। इसके साथ ही बिजली विभाग के जेई अनिकेत पाल द्वारा एक वरिष्ठ पत्रकार के घर पर की गई द्वेषपूर्ण छापेमारी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जेई से स्पष्टीकरण के लिए एक्सियन विद्युत विभाग को निर्देश दिया। अनियमितता या बदनीयती पाई गई तो संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रमाण बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button