एआरटीओ का सघन चेकिंग अभियान, चार वाहन सीज, तीन पर चालान
ओवरलोडिंग, बिना परमिट, और नियमविरुद्ध वाहन संचालन पर की गई कड़ी कार्रवाई,

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर शुक्रवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कई वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान दो डंपर निर्धारित क्षमता से अधिक माल ले जाते हुए पाए गए। इनमें से एक डंपर को सीज कर दिया गया जबकि दूसरे के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अलावा, एक निजी बस जो जालंधर से बहराइच जा रही थी, उसके चालक के पास वैध यात्रा परमिट न होने पर उक्त बस के खिलाफ चालान किया गया।
चेकिंग के दौरान दो ईको वाहन, जो निजी उपयोग के लिए पंजीकृत थे, को व्यवसायिक रूप से उपयोग किया जा रहा था। इस नियम उल्लंघन पर दोनों वाहनों को सीज कर लिया गया। साथ ही, दो अपंजीकृत ई-रिक्शा वाहनों को भी सीज कर कार्रवाई की गई।
इस सघन अभियान के अंतर्गत कुल चार वाहनों को सीज किया गया तथा तीन वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुल ₹1.54 लाख प्रशमन शुल्क की वसूली की गई है।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना पंजीयन के ई-रिक्शा का संचालन न करें और निजी पंजीकरण वाले वाहनों का व्यवसायिक प्रयोग न करें। यदि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से जहां आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वहीं नियमों का पालन न करने वाले वाहन स्वामियों को भी स्पष्ट संदेश गया है कि लापरवाही पर अब सख्त दंड झेलना पड़ेगा।






