उत्तर प्रदेशचंदौलीराज्य खबरें

चंदौली में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब गिरा, भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच कई मजदूर घायल

जन एक्सप्रेस/चंदौली: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा सदर थाना क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव के पास डीडीयू–गया–कोलकाता रेल रूट पर हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ढलाई के दौरान ही स्लैब अचानक गिर पड़ा, जिसमें कई मजदूरों के दबने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। कुछ घायलों को पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मजदूर का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

घटना के बाद निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था और ढलाई का काम बिना किसी इंजीनियर की निगरानी के किया जा रहा था।हादसे के तुरंत बाद ठेकेदार और जिम्मेदार कर्मचारी मौके से फरार हो गए, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने एक मजदूर के घायल होने की पुष्टि की है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही जा रही है।यह हादसा एक बार फिर निर्माण कार्यों में लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button