एसपी का एक्शन : हत्याकांड के फरार आरोपियों पर घोषित हुआ इनाम

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: जिले के अंतू थाना इलाके के डुहिया निवासी पंकज शुक्ला की हत्या में नामजद दो सगे भाइयों समेत चार आरोपियों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया है। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एसपी दीपक भूकर ने बड़ी कार्यवाही करते थाना अन्तू में दर्ज पंकज शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे चार शातिर अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। ये चारों आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे हैं। आरोपियों की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं, लेकिन सफलता न मिलने पर अब इन पर इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस के अनुसार थाना इलाके के दसियापुर निवासी विकास पाण्डेय व विवेक पाण्डेय, डुहिया महमदापुर निवासी शिवशंकर मिश्रा उर्फ सोनू एवं रैबीरजानीपुर निवासी विपिन तिवारी पर इनाम घोषित किया गया है। इन वांछितों में विवेक पाण्डेय सबसे शातिर बताया जा रहा है, जिस पर आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, शिवशंकर मिश्रा पर पूर्व में पॉक्सो एक्ट और विकास पाण्डेय पर एससी एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। विपिन तिवारी भी पूर्व में मारपीट और धमकी देने के मामलों में शामिल रहा है।






