उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जनसुनवाई में सख्त दिखे एसपी, फरियादियों की समस्याएं सुनीं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर,पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौस्तुभ द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय, जौनपुर में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न एवं अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।

पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत की प्रकृति एवं गंभीरता को देखते हुए त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने कई मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों एवं क्षेत्राधिकारियों से दूरसंचार माध्यम से सीधे वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रकरणों में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

एसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर जांच कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को अपनी बात सीधे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर देना है, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और पारदर्शिता को मजबूती मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी शिकायतों पर निष्पक्ष जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराएं।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता एक बार फिर स्पष्ट हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button