अपना ही पोलिंग बूथ हार गए सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद, अयोध्या में बीजेपी की धूम

जन एक्सप्रेस/ मिल्कीपुर: मिल्कीपुर मतदान की गिनती लगभग लगभग खत्म होने को है। गिनती खत्म होने के साथ समाजवादी पार्टी की आस भी खत्म होती दिख रही है। अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर एक बड़ा उलटफेर होता हुआ दिख रहा है। समाजवादी पार्टी जो अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आस्वस्त थी वो अब हारती हुई नजर आ रही है। बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान लगभग 50 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद अपना ही पोलिंग बूथ हार गए हैं। जिसको देखते हुए 8 साल बाद भाजपा मिल्कीपुर में जीत की ओर बढ़ती दिख रही है। अब तक 30 में से 22 राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है। इसमें भाजपा 50000 वोटों से आगे चल रही है। सपा प्रत्याशी अपने ही बूथ पर हार गए हैं।
भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। हलवाई लड्डू बना रहे हैं। ढोल-नगाड़े पर भाजपा कार्यकर्ता डांस कर रहे हैं। अबीर-गुलाल उड़ा रहे हैं। वहीं, सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद और उनके सांसद पिता अवधेश प्रसाद सुबह से घर से ही नहीं निकले हैं।
इस जीत को लेकर पूर्व भाजपा प्रवक्ता अवधेश पांडेय ने कहा कि अयोध्या में सपा ने राम का अपमान किया। जनता ने उसका बदला लिया। हालांकि इस पर सांसद अवधेश प्रसाद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बेईमानी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनके गुंडों ने बूथ कैप्चरिंग की। इसके बाद भी भाजपा हारेगी।
आपको बता दें, मिल्कीपुर में अगर भाजपा जीतती है तो 8 साल बाद फिर से सीट पार्टी के खाते में जाएगी। बड़ी बात यह है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी विधानसभा सीट पर बीजेपी 7 हजार वोट से सपा से हार गई थी।






