एसपी ने लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी का किया औचक निरीक्षण
स्वच्छता, अनुशासन और जन-सुनवाई की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/ठूठीबारी: महराजगंज पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सोमवार दोपहर ठूठीबारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी परिसर की साफ-सफाई, पुलिस कर्मियों की वर्दी एवं अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि चौकी पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को शालीनता के साथ सुना जाए और उसका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, आगामी त्योहारों एवं क्षेत्र की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी मनीष पटेल, कॉस्टेबल धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।






