एसपी ने किया भूपियामऊ व कोहड़ौर में रूट डायवर्जन का स्थलीय निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: जिले में शनिवार को एसपी दीपक भूकर ने माघ मेला- 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के मद्देनजर भ्रमण के दौरान थाना कोतवाली देहात अंतर्गत भुपियामऊ व कोहड़ौर थाना इलाके में मदाफरपुर मोड़ पर रूट डायवर्जन स्थल पर तैनात यातायात ड्यूटी में लगे पुलिस बल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, डायवर्जन की प्रभावशीलता तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता का गहनता से जायजा लिया गया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं एवं आमजन की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि मेला अवधि एवं पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी वाहन सड़क के किनारे नहीं खड़े होने चाहिए। सभी को पार्किंग में व्यवस्थित ढंग से खड़ा करवाएं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के साथ ही यातायात व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जाए।






