अग्निकांड को लेकर सपा नेता रविदास ने सरकार को घेरा, व्यापारियों को मिले मुआवजा

कानपुर । समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और कानपुर के प्रभारी रविदास मेहरोत्रा ने मंगलवार को कानपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने हमराज कॉम्प्लेक्स समेत कई टॉवरों (मार्केट) में लगी आग की घटना को लेकर सरकार पर हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों नगर के बांसमंडी स्थित हमराज कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग अभी तक नहीं बुझ सकी है। इस अग्निकाण्ड में कपड़ा कारोबारियों का लगभग 30 अरब का नुकसान हुआ है। लेकिन सरकार ने अभी तक किसी भी व्यापारी को कोई मुआवजा देने की बात नहीं कही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में सपा सरकार ने आग बुझाने के लिए यूपी में 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां खरीदी थी। इनमें कुछ वाहन कानपुर में भी भेजे गए थे। लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार एवं प्रशासन की लापरवाही से अधिकांश गाड़ियां खराब हो चुकी हैं। जब हमराज कॉम्प्लेक्स और मसूद कॉम्प्लेक्स में आग लगी तो वह गाड़ियां उपयोग में नहीं आ सकी। आग बुझाने के लिए लखनऊ समेत आसपास के कई जिलों से दमकल गाड़ियां मंगानी पड़ी। जब तक वे गाड़िया पहुंची तब तक आग से भारी नुकसान हो गया।
सपा नेता ने इस अग्निकाण्ड के लिए शासन एवं प्रशासन को पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि फायर ब्रिगेड की उपयोगी सात गाड़ियां खराब हालत में क्यों खड़ी थी, सरकार ने उन्हें क्यों नहीं ठीक कराया। समय रहते सरकार चेत जाती तो व्यापारियों का इतना बड़ा नुकसान नहीं होता।






