सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट बहाल
पॉलिसी उल्लंघन के आरोप में सस्पेंड हुआ था आधिकारिक पेज, कुछ घंटों बाद हुई पुनर्बहाली

जन एक्सप्रेस लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट, जो शुक्रवार शाम को अचानक फेसबुक की पॉलिसी उल्लंघन के तहत सस्पेंड कर दिया गया था, अब पुनः बहाल कर दिया गया है। सपा समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में इससे राहत की लहर है। पेज के निलंबन के बाद समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर साजिश का आरोप लगाते हुए कहा था कि विपक्षी दलों की आवाज को सोशल मीडिया पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने इसे “लोकतंत्र पर हमला” करार दिया था।हालांकि पेज बहाल कर दिया गया है, लेकिन फेसबुक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि अकाउंट को सस्पेंड करने के पीछे असल वजह क्या थी। सूत्रों के मुताबिक, यह स्वचालित मॉडरेशन सिस्टम के तहत हुई कार्रवाई हो सकती है।इस घटना के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निष्पक्षता और सोशल मीडिया पर राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। विपक्ष का आरोप है कि सत्ता पक्ष के दबाव में तकनीकी मंचों पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है।






