
जन एक्सप्रेस पौड़ी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति बालक छात्रावास ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि सही दिशा और संसाधन मिलने पर कोई भी छात्र सफलता की ऊंचाइयों को छू सकता है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर रहे चार छात्रों ने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर न केवल अपना भविष्य संवारा, बल्कि जिले और विभाग को भी गौरवान्वित किया।
फौज से लेकर शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र तक छाए छात्र
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने जानकारी दी कि छात्र अनुराग कुमार का चयन अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में हुआ है। करन कुमार ने पॉलीटेक्निक संस्थान पौड़ी से तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर निजी क्षेत्र में करियर की शुरुआत की है। दीपक, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से व्यावसायिक प्रशिक्षण लेकर वर्तमान में एक निजी कॉलेज में अध्यापन कार्य कर रहे हैं। सूर्यकांत ने जेएनएम प्रशिक्षण प्राप्त कर एक निजी चिकित्सालय में सेवाएं देनी शुरू की हैं।
निःशुल्क आवासीय सुविधा बनी संबल
इन सभी छात्रों ने समाज कल्याण विभाग द्वारा दी जा रही निःशुल्क आवासीय सुविधा का लाभ उठाकर शिक्षा के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार किया। अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि यह सफलता विभाग की योजनाओं की सार्थकता और छात्रों की कड़ी मेहनत का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
अनुशासित और प्रेरणादायक माहौल
समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि छात्रावासों को छात्रों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुसार और बेहतर बनाया जाए ताकि वे एक अनुशासित, सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने अनुसूचित जाति के पात्र विद्यार्थियों से अपील की कि वे समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ लें और अपने भविष्य को नई दिशा दें।






