मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की राज्य स्तरीय बैठक संपन्न
नशे के कारोबार पर सख्ती के निर्देश, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश

जन एक्सप्रेस/लखनऊ |मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की राज्य स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, सेवन एवं विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने तथा नशा मुक्ति अभियानों को और सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी जनपदों में एनकॉर्ड की बैठक प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। जिन जिलों में बैठकें नियमित नहीं हो रही हैं, वहां संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध मादक पदार्थों के सेवन और क्रय-विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास हॉटस्पॉट्स पर विशेष निगरानी
मुख्य सचिव ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास चिह्नित हॉटस्पॉट्स पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। जहां नशे के हॉटस्पॉट बनने की आशंका हो, वहां विशेष निगरानी रखते हुए नियमित रूप से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
कोडीन युक्त कफ सीरप की सप्लाई पर कड़ी नजर
बैठक में कोडीन युक्त कफ सीरप की सप्लाई एवं बिक्री पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। फर्जी फर्मों, अवैध भंडारण अथवा गैरकानूनी बिक्री पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए गए।
2025 में अब तक 47 हजार किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ श्री अब्दुल हमीद ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक एनकॉर्ड के अंतर्गत 774 जिला स्तरीय गोष्ठियों का आयोजन किया गया है। प्रदेश में अब तक 47,253.19 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इनमें से एएनटीएफ द्वारा 12,722.92 किलोग्राम की बरामदगी की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 143 करोड़ 91 लाख 65 हजार रुपये है।
जागरूकता अभियानों से नशे के खिलाफ जनजागरण
नशे के विरुद्ध साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक, योग कार्यक्रम, स्कूली बच्चों के साथ पैदल मार्च, पंपलेट वितरण, बैज वितरण, ई-शपथ एवं लघु फिल्मों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए गए। धर्माचार्यों, सिनेमाघरों, ट्रैफिक कंट्रोल रूम और रेडियो चैनलों के माध्यम से भी नशा विरोधी संदेश प्रसारित किए गए।
875 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का किया गया निस्तारण
एएनटीएफ के गठन के बाद वर्ष 2022 से नवंबर 2025 तक कुल 2,67,234 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 875 करोड़ रुपये है। वर्ष 2025 में गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत 9.17 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। इस दौरान 02 गैंग पंजीकृत किए गए और 61 हिस्ट्रीशीट खोली गईं।
कोडीन कफ सीरप मामलों में 16 गिरफ्तार
कोडीन युक्त कफ सीरप की ट्रैकिंग के लिए गठित समिति द्वारा वर्ष 2025 में अक्टूबर तक 11 मामलों में 16 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई और 3.39 करोड़ रुपये मूल्य की औषधियां सीज की गईं।बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे और नशा मुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।






