सवर्ण समाज की मांगों को लेकर सवर्ण आर्मी का प्रदेशव्यापी आंदोलन

जन एक्सप्रेस चित्रकूट:(हेमनारायण हेमू):सवर्ण समाज की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सवर्ण आर्मी के बैनर तले प्रदेशव्यापी आंदोलन जारी है। इसी क्रम में कर्वी तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से सौंपा गया।ज्ञापन में जातिगत आरक्षण व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग करते हुए इसे समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आज़ादी के बाद से लागू जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था के चलते सामान्य वर्ग के गरीब, बेरोजगार और जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं और अवसरों से वंचित रह जा रहे हैं।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग के कारण सामान्य वर्ग के निर्दोष लोगों को प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है, जिससे समाज में असंतोष और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखीं—जातिगत आरक्षण को समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू किया जाए।एससी/एसटी एक्ट में संशोधन कर उसके कथित दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाए अथवा इसे समान बनाया जाए।सामान्य वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए “सवर्ण आयोग” का गठन किया जाए।
कर्वी तहसील परिसर में धरना जारी
प्रदेश महासचिव विजय शुक्ला, जिलाध्यक्ष विनय मिश्रा और जिलाउपाध्यक्ष राहुल मिश्रा के नेतृत्व में सवर्ण आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा कर्वी तहसील परिसर में धरना लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन फिलहाल प्रदेश स्तर पर चलाया जा रहा है, लेकिन यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो इसे राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा।सवर्ण आर्मी के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि सामान्य वर्ग की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।






