दामोदरा स्थित जीसस जूनियर हाई स्कूल में कथित धर्मांतरण की सूचना पर हड़कंप, संचालक हिरासत में

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर रामपुर स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दामोदरा स्थित जीसस जूनियर हाई स्कूल में रविवार को कथित धर्मांतरण की गतिविधियों की सूचना पर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में विद्यालय परिसर में पहुंच गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने विद्यालय संचालक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया, जहां पूछताछ जारी है।
पुलिस को विद्यालय परिसर से बाइबल, यीशु मसीह की तस्वीरें, धार्मिक पुस्तकें और क्राफ्ट सामग्री बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में धर्मांतरण के प्रयासों के संकेत मिलने की बात कही जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कोई निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही दिया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में विगत वर्षों से यीशु मसीह की प्रार्थना कराई जाती रही है और लंबे समय से कथित रूप से धर्मांतरण की गतिविधियाँ संचालित की जा रही थीं। ग्रामीणों के अनुसार, यह विद्यालय पूर्व में हरिनारायण जूनियर हाई स्कूल के नाम से संचालित था, लेकिन पिछले लगभग 25 वर्षों से “जीसस जूनियर हाई स्कूल” के नाम से कार्यरत है।
घटना के बाद से स्थानीय संगठनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं थाना प्रभारी विनोद कुमार द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई की स्थानीय संगठनों के पदाधिकारियों ने सराहना की है।
फिलहाल संगठनों के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस प्रशासन लगातार गांव में निगरानी बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।







