
जन एक्सप्रेस/विकासनगर (देहरादून): कोतवाली विकासनगर पुलिस इन दिनों अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चा में है। हाल के महीनों में पुलिस ने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए कई बड़े मामलों का खुलासा किया है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।
कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं और वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) शिशुपाल राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संगठित अपराधों पर लगातार कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता का असर यह है कि क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं।
हाल ही में विकासनगर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो खुद को धार्मिक संगठन से जुड़ा बताकर लोगों से अवैध वसूली करता था। पुलिस ने इस गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके अलावा किडनैपिंग, साइबर ठगी, गोकशी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कई मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। कोतवाल विनोद गुसाईं और एसएसआई शिशुपाल राणा ने स्पष्ट कहा कि उनके कार्यकाल में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों को उनकी सही जगह यानी जेल पहुंचाने के लिए पुलिस पूरी निष्ठा और सख्ती के साथ काम कर रही है।
पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते स्थानीय जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी पुलिस की सराहना कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और अपराधों में कमी आई है।
विकासनगर पुलिस की यह सख्त कार्यशैली न केवल अपराध पर अंकुश लगाने में मददगार साबित हो रही है, बल्कि आम जनता में भरोसा भी बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और विकासनगर को अपराध मुक्त क्षेत्र बनाने में सफलता मिलेगी।






