कर्वी नगर में आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण: डीएम पुलकित गर्ग के सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा नगर क्षेत्र कर्वी के आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र पटेल, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुलदत्त तिवारी एवं अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद कर्वी उपस्थित रहे। निरीक्षण की शुरुआत आंगनवाड़ी केन्द्र शत्रुध्नपुरी प्रथम, वार्ड संख्या 02 से की गई। यहां आंगनवाड़ी कार्यकत्री सपना द्वारा बताया गया कि केन्द्र पर 03 से 06 वर्ष के 85 बच्चे, 16 गर्भवती महिलाएं, 19 धात्री माताएं एवं 29 किशोरियां पंजीकृत हैं, जबकि मौके पर 15 बच्चे एवं 12 महिलाएं उपस्थित पाई गईं। केन्द्र निजी भवन के एक कक्ष में संचालित पाया गया। केन्द्र में 03 सैम एवं 23 मैम श्रेणी के बच्चे पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि व्यक्तिगत रुचि लेते हुए सैम/मैम श्रेणी के बच्चों की संख्या शीघ्र शून्य की जाए।
दैनिक गतिविधियों के संबंध में बताया गया कि बच्चों को भावगीत एवं अक्षर ज्ञान कराया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उक्त केन्द्र को शीघ्र प्राथमिक विद्यालय सोनेपुर में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही अधिशासी अधिकारी को विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु नगर पालिका से त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात आंगनवाड़ी केन्द्र भरतपुरी प्रथम, वार्ड संख्या 15 का निरीक्षण किया गया। यहां कार्यकत्री रजुली पाण्डेय ने बताया कि केन्द्र पर 67 बच्चे, 09 गर्भवती महिलाएं, 06 धात्री माताएं एवं 19 किशोरियां पंजीकृत हैं। मौके पर 10 बच्चे एवं 06 महिलाएं उपस्थित मिलीं। केन्द्र निजी भवन के एक कक्ष में संचालित है। यहां 01 सैम एवं 01 मैम श्रेणी का बच्चा पंजीकृत पाया गया। निरीक्षण के दौरान दैनिक गतिविधियों के संबंध में संतोषजनक जानकारी न मिलने पर जिलाधिकारी ने कार्यकत्री को कार्यशैली में सुधार लाने तथा कैलेंडर के अनुसार प्रतिदिन गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी गई कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में आंगनवाड़ी केन्द्र अम्बिकाकुंज द्वितीय, वार्ड संख्या 13 का निरीक्षण किया गया। यहां कार्यकत्री पूजा सोनी ने बताया कि केन्द्र पर 42 बच्चे, 14 गर्भवती महिलाएं, 01 धात्री माता एवं 20 किशोरियां पंजीकृत हैं। मौके पर 22 बच्चे उपस्थित पाए गए। यह केन्द्र नीति आयोग द्वारा निर्मित विभागीय भवन में संचालित है, जहां आधारभूत सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। केन्द्र में 01 सैम एवं 06 मैम श्रेणी के बच्चे पंजीकृत हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सैम/मैम श्रेणी के बच्चों की संख्या शीघ्र शून्य की जाए तथा कैलेंडर के अनुसार प्रतिदिन गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों पर कैलेंडर के अनुसार गतिविधियां नियमित रूप से कराई जाएं। साथ ही जनपद में संचालित सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों की आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति एक सप्ताह के भीतर पोषण ट्रैकर ऐप पर फीड कराई जाए, अन्यथा वेतन अवरुद्ध करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त निर्देश दिए गए कि निजी भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों को निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालयों से मैपिंग कर विद्यालय परिसरों में संचालित कराया जाए।






