उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

हाथरस में खाद विक्रेता पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कैंटीन के बाहर मची अफरा-तफरी

कार सवार हमलावरों ने बातचीत के बहाने बुलाकर बरसाईं गोलियां, एक युवक गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस /हाथरस: हाथरस जनपद के हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र अंतर्गत महौ गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कार सवार हमलावरों ने एक खाद विक्रेता व कैंटीन संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में कैंटीन से सामान ले रहे एक युवक को गोली लग गई, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बातचीत के बहाने बाहर बुलाया, फिर की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे और खाद विक्रेता को बातचीत के बहाने उसकी कैंटीन से बाहर बुलाया। जैसे ही खाद विक्रेता बाहर आया, आरोपियों ने उस पर कई राउंड गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि खाद विक्रेता ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली।

 

कैंटीन से सामान ले रहे युवक को लगी गोली

फायरिंग के दौरान खाद की दुकान के बराबर स्थित कैंटीन से सामान ले रहे एक युवक को गोली लग गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

 

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

महौ गांव में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना के बाद महौ गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button