22 देशों के प्रतिनिधि आएंगे लखनऊ – निवेश के नए आयामों की तलाश में
इन्वेस्ट यूपी दिखाएगा नवाचार, संस्कृति और संभावनाओं का संगम

जन एक्सप्रेस लखनऊ। प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं को तलाशने के उद्देश्य से शुक्रवार से 22 देशों के प्रतिनिधियों का विशेष दल लखनऊ पहुंचेगा। तीन दिवसीय इस दौरे के दौरान इन्वेस्ट यूपी की ओर से विदेशी मेहमानों को प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, सांस्कृतिक विरासत और निवेश के अवसरों से रूबरू कराया जाएगा। यह पहला अवसर है जब एक साथ 22 देशों के प्रतिनिधि निवेश की मंशा से लखनऊ आ रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिकी और कैरेबियन देशों – जैसे अर्जेंटीना, ब्राजील, पेरू, पराग्वे, क्यूबा, पनामा, सूरीनाम, डोमिनिकन गणराज्य, वेनेजुएला और कोस्टा रिका – के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संस्कृति, धरोहर और ‘चिकनकारी’ से कराया जाएगा परिचय
इन्वेस्ट यूपी की ओर से प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ की धरोहरों, ऐतिहासिक स्थलों और प्रसिद्ध चिकनकारी कला से भी अवगत कराया जाएगा।साथ ही ओडीओपी (One District One Product) उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिससे विदेशी प्रतिनिधि प्रदेश के स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को समझ सकें।सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान (SSIFS) की पहल पर इन्वेस्ट यूपी ने विदेशी प्रतिनिधियों के लिए एक विशेष निवेश सत्र भी निर्धारित किया है।इस दौरान उन्हें राज्य सरकार की एफडीआई नीति के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिसमें
भूमि, स्टांप शुल्क और विद्युत शुल्क में छूट,पूंजीगत सब्सिडी, प्रशिक्षण खर्च की प्रतिपूर्ति जैसे प्रोत्साहन शामिल हैं।प्रतिनिधियों को डा. एपीजे अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय, आइआइएम लखनऊ और एचसीएल सिटी का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे प्रदेश की तकनीकी और शैक्षणिक क्षमता को करीब से समझ सकें।इन्वेस्ट यूपी का लक्ष्य है कि विदेशी निवेशकों के प्रस्तावों को नवंबर में प्रस्तावित ग्लोबल बिजनेस कॉन्क्लेव (GBC) में शामिल किया जाए। साथ ही फॉर्च्यून ग्लोबल 500 और फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों को भी राज्य में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन्वेस्ट यूपी के प्रवक्ता ने बताया कि यह दौरा न केवल निवेश को बढ़ावा देगा बल्कि प्रदेश की संस्कृति, उद्यमिता और नवाचार की ताकत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी बनेगा।






