शिक्षक की पाती कार्यक्रम में शिक्षकों ने दर्ज कराया टीईटी अनिवार्यता का विरोध

जन एक्सप्रेस/शाहाबाद: शाहाबाद में शुक्रवार को बीआरसी परिसर में प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर “शिक्षक की पाती” कार्यक्रम में टीईटी अनिवार्यता को लेकर बढ़ते असंतोष के मद्देनज़र विरोध प्रदर्शन और पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की। शिक्षकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं व मांगों को उठाते हुए विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे किया गया, जिसमें शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं टीईटी अनिवार्यता को लेकर शिक्षक समुदाय में गहरा आक्रोश और अनिश्चितता का माहौल है।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार की उपस्थिति में शिक्षकों ने संगठन के माध्यम से अपनी समस्याओं और मांगों को रखा। शिक्षकों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों की समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने विभाग से मांग की कि शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उनका शीघ्र समाधान किया जाए। प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि “शिक्षक की पाती” कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश स्तर पर शिक्षकों की आवाज सरकार और विभाग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम के जरिए शिक्षक अपनी मांगों और समस्याओं को लिखित रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं, जिससे उनका समाधान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि सरकार और शिक्षा विभाग उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेगा जिससे शिक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।






