जौनपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र से मिले मुस्लिम लावारिश शव को कमेटी ने कराया दफन

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले में मानवता की मिसाल पेश करते हुए मुस्लिम लावारिश शव इंतजामियां कमेटी द्वारा एक अज्ञात मुस्लिम शव को पूरे इस्लामिक रीति-रिवाज के साथ दफन कराया गया। यह शव कोतवाली थाना क्षेत्र से प्राप्त हुआ था, जिसे देर शाम हजरत हम्ज़ा चिश्ती स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस विभाग की ओर से जानकारी देते हुए आरक्षी अविनाश सिंह ने बताया कि यह शव लाइन बाजार क्षेत्र से जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए एक व्यक्ति का है। उक्त व्यक्ति की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। पहचान न होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के बाद मुस्लिम समुदाय का मानते हुए लावारिस शव इंतजामियां कमेटी को सौंपा गया।
उम्र लगभग 45 वर्ष, पहचान नहीं
पुलिस के अनुसार शव के हुलिये से व्यक्ति की उम्र लगभग 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। मृतक की कोई पहचान या परिजन सामने नहीं आ सके, जिसके चलते शव को लावारिस घोषित किया गया।
पूरे मुस्लिम रीति-रिवाज से किया गया दफन
लावारिस शव इंतजामियां कमेटी द्वारा शव को पूरे मुस्लिम धार्मिक रीति-रिवाज के साथ हजरत हम्ज़ा चिश्ती स्थित कब्रिस्तान में दफन कराया गया। नमाज़-ए-जनाज़ा हाफिज़ अजहर रशिदाबादी ने अदा कराई।
लॉकडाउन के बाद से लगातार कर रही सेवा
कमेटी के संस्थापक रियाजुल हक ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से उनकी कमेटी लगातार लावारिश मुस्लिम शवों को सम्मानपूर्वक दफन कर रही है। उन्होंने बताया कि यह अब तक का 163वां शव था, जिसे कमेटी ने मानवीय सेवा के तहत सुपुर्द-ए-खाक किया है।
कमेटी सदस्यों का रहा सहयोग
इस अवसर पर कमेटी के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने शव के अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं संभालीं। स्थानीय लोगों ने कमेटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे इंसानियत की मिसाल बताया।






