:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

खेतासराय के बरजी गांव में युवक का शव घर के गेट पर लटका मिला

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर खेतासराय थाना क्षेत्र के बरजी गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव उसके ही घर के अर्धनिर्मित गेट के खंभे से गमछे के सहारे बंधा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी सुनील राजभर (25) के रूप में हुई है, जो गांव में चिकित्सक के रूप में कार्य करता था। सुबह उसके घर के गेट के पिलर से शव लटका देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस को स्वजनों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। स्वजन शव को कब्जे में लेने नहीं दे रहे थे और हत्या की आशंका जता रहे थे। काफी मशक्कत के बाद दो थानों की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्वजनों का आरोप है कि सुनील को देर रात करीब 12 बजे किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकल गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। उनका कहना है कि उसकी हत्या कर शव को गेट पर लटका दिया गया है, ताकि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो।

वहीं ग्रामीणों के अनुसार शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक का गला कसा गया है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि युवक का शव गेट से लटका हुआ पाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button