आशा बहू के परिजनों ने सीएससी अधीक्षक पर किया हमला, अस्पताल में हंगामा

जन एक्सप्रेस/अमेठी: जिले के रामगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) भादर में बुधवार को हंगामे और हमले की गंभीर घटना सामने आई। काम को लेकर निर्देशित किए जाने से नाराज आशा बहू ने अपने पति और पुत्र को अस्पताल बुला लिया। इसके बाद दोनों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर अधीक्षक के साथ गाली-गलौज की और फिर उन पर हमला कर दिया l
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दे दी मामले की सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आशा बहू को जब अधीक्षक ने किसी कार्य के लिए निर्देश दिया, तो वह नाराज हो गई और अपने परिजनों को बुला लिया। इसके बाद अस्पताल पहुंचे उसके पति और पुत्र ने अधीक्षक से अभद्र भाषा में बात करनी शुरू कर दी। कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और उन्होंने अधीक्षक से धक्का-मुक्की की। इस दौरान अस्पताल के अन्य कर्मचारियों और मरीजों में अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद अस्पताल स्टाफ में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हमलावरों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






