
जन एक्सप्रेस देहरादून।जनपद में बाल विकास को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज सर्वे चौक स्थित डे-केयर सेंटर का निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर को हाईटेक बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सुविधाओं से सुसज्जित होगा केंद्र
डीएम ने कहा कि अब डे-केयर सेंटर में बच्चों के लिए स्मार्ट टीवी, डिजिटल बोर्ड, वाइटबोर्ड, ज्ञानवर्धक कॉमिक्स, लाइब्रेरी कॉर्नर, और बाल-उपयुक्त फर्नीचर की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य कामकाजी माताओं को राहत देना और बच्चों को सुरक्षित, समृद्ध और शिक्षाप्रद वातावरण प्रदान करना है।नौनिहाल हमारे समाज के अनमोल रत्न हैं। उन्हें एक ऐसा माहौल देना जरूरी है, जहाँ वे सुरक्षित भी रहें और सीखें भी।
सविन बंसल, जिलाधिकारी पोषण, खेल और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ज़ोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि बच्चों के लिए पौष्टिक आहार, खेल-कूद की सामग्री, और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित हों। साथ ही, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति होगी तेज
वर्तमान में डे-केयर सेंटर में स्टाफ और बच्चों की संख्या अपेक्षा से कम पाई गई। डीएम ने इसके लिए आर्बन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति में हो रही देरी को कारण बताया और बाल विकास विभाग के निदेशक से पत्राचार कर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
58 केंद्रों को मिल चुकी हाईटेक सुविधाएं, अब लक्ष्य 150 का
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष 58 आंगनबाड़ी केंद्रों को हाईटेक सुविधाओं से लैस किया गया था। वर्तमान वर्ष में 150 केंद्रों को अपग्रेड करने की योजना है। यह पहल कामकाजी माताओं के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी और बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में सहायक होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सीडीपीओ डॉ. शिखा कंडवाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने योजनाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी को विस्तार से जानकारी दी। जिला प्रशासन की यह पहल न केवल बाल सुरक्षा और पोषण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि यह टेक्नोलॉजी आधारित शिक्षण को जनहित में उपयोग करने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण भी है।






