उत्तर प्रदेशबहराइच

लड़कियों ने हंसिए से वार करके तेंदुए के जबड़े से सहेली को बचाया

शौच के लिए गई थी 9 वर्षीय प्रीति, तेंदुए ने गर्दन पर किया था हमला

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

बहराइच। कतर्नियाघाट सेंचुरी इलाके में एक बच्ची के ऊपर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्ची को दबोच लिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पास में घास काट रही गांव की अन्य बालिकाएं पहुंच गई। अपनी सहेली को बचाने के लिए लड़कियां घास काटने वाला हंसिया लेकर तेंदुए से भिड़ गई। लड़कियों का रौद्र रूप देखकर तेंदुआ बच्ची को छोड़ कर भाग गया।

मोतीपुर थाना क्षेत्र के सोमई गौढ़ी गांव के रहने वाले राजेश कुमार की नौ वर्षीय बेटी प्रीति गन्ने के खेत में शौच क्रिया के लिए गई थी। यहां पर घात लगाकर बैठे तेंदुए ने बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। तेंदुए ने प्रीति को जबड़े में जकड़ लिया। बच्ची की चीख सुनकर पास के खेत में घास काट रही गांव की अन्य लड़कियां पहुंच गई। घबराने के बजाए उन्होंने प्रीति को बचाने के लिए हिम्मत से काम लिया। लड़कियां हंसिया लेकर तेंदुए से भिड़ गईं। कई बार प्रहार किया।इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़कर जंगल मे भाग गया।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त गया। थोड़ी देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तेंदुए के हमले से प्रीति घायल हो गई थी। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रा का हाल-चाल जाना और परिजनों को दस हजार रुपये की आर्थिक मदद दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button