अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद, चित्रकूट की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
सत्संग भवन प्रयागराज रोड में वैदिक मंत्रोच्चार व परशुराम वंदना के साथ हुआ आयोजन, हजारों की रही उपस्थिति

जन एक्सप्रेस /चित्रकूट: अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद जनपद चित्रकूट (तिवारी) की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सत्संग भवन, प्रयागराज रोड स्थित सभा स्थल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के तैल चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परशुराम वंदना द्वारा विधिवत किया गया।
इस अवसर पर परिषद के संस्थापक पंडित जुगुल किशोर तिवारी की अध्यक्षता में नवनियुक्त कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष पंडित प्रताप नारायण पांडे, प्रदेश प्रभारी पंडित स्मृता त्रिपाठी, हमीरपुर जिला अध्यक्ष पं. दीपा त्रिपाठी तथा जनपद चित्रकूट के संरक्षक मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मार्गदर्शक मंडल एवं चित्रकूट संरक्षक मंडल का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों में जिला अध्यक्ष बादल पयासी, महामंत्री अरुण मिश्रा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती गायत्री पांडे, जिला संयोजक विपुल मिश्रा, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, संगठन सचिव पं. निलेश शुक्ला, जिला सचिव कुलदीप उपाध्याय, कोषाध्यक्ष शशांक मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रशांत तिवारी, जिला प्रवक्ता गणेश मिश्र, नगर अध्यक्ष विपिन तिवारी सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के नगर एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने शपथ ली।
अपने उद्बोधन में संस्थापक पंडित जुगुल किशोर तिवारी ने कहा कि “पदभार ग्रहण करना प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि कर्तव्य बोध का विषय है। समाज के पीड़ित एवं अपेक्षित बंधुओं की हर संभव सहायता करना परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने बहन-बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में मार्गदर्शन एवं संरक्षक गांगुली महाराज, शशांक द्विवेदी, सिद्धार्थ पांडे, राजेश दुबे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण समारोह का सफल संचालन पंडित गणेश मिश्रा ने किया।
समारोह में हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने संगठन की एकता, सामाजिक समरसता और सेवा भाव को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।







