गर्लफ्रेंड के प्यार में वीरू बन बैठा नाबालिग, हाईटेंशन तार से आधे घंटे तक झूलता रहा

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: जिले के आसपुर देवसरा थाना इलाके के भाऊपुर गांव में 15 साल के लड़के पर प्यार का ऐसा बुखार चढ़ गया कि उसने पूरे गांव वालों के नाक में दम कर दिया। दरअसल नाबालिग अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने की जिद्द पर अड़ गया और हाईटेंशन तार पकड़कर 25 फीट ऊंचाई पर तकरीबन आधे घंटे तक झूलता रहा। ग्रामीणों ने जब यह नजारा देखा तो गांव में हड़कम्प मच गया। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और उसे उतारने की कोशिश करने लगे।
लेकिन नाबालिग लड़के ने ये कहते हुए उतरने से साफ इनकार कर दिया कि जब तक मेरी गर्लफ्रैंड से मेरी शादी के लिए घरवाले हामी नहीं भरते तब तक मैं नहीं उतरूंगा। काफी देर तक मशक्कत करनी के बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब उसे उतारने की कोशिश की तो उसने अपनी बात दोहराई। फिर क्या था पुलिस ने उसे शादी कराने का झांसा दिया और उसे मनाया। फिर सीढ़ी लगाकर उसे नीचे उतारा गया। नीचे आते ही वह फूट-फूटकर रोने लगा।
इसके बाद उसे पुलिस अपने साथ थाने लेकर गई। जहां नाबालिग की काउंसलिंग हुई और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। चर्चा है कि कुछ महीने पहले वह अपनी गर्लफ्रैंड से मिलने उसके गांव पहुंच गया था जहां पकड़े जाने पर उसकी पिटाई भी हुई थी। हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस में नहीं की थी। गनीमत रही कि मेंटेनेंस वर्क के चलते पहले से ही 11 हजार वोल्टेज की बिजली सप्लाई बंद थी। नहीं तो नाबालिग लड़के को अपने इस नाटक की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ती। इस घटनाक्रम को लेकर गांव वाले हतप्रभ हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग बच्चे को नीचे उतारकर उसे समझा बुझाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।






