
जन एक्सप्रेस संवाददाता, नैनीताल। जिला पंचायत की 27 सीटों के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया ने शुक्रवार को मौसम को मात देते हुए जबरदस्त सियासी रंगत ले ली। मानसूनी बारिश के बावजूद, समर्थकों के जोश और प्रत्याशियों की सक्रियता ने माल रोड से जिला पंचायत कार्यालय तक का माहौल गर्मा दिया।
दूसरे दिन कुल 62 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिनमें कई राजनीतिक रूप से अहम चेहरे शामिल रहे।
भाजपा की ओर से बेला तोलिया ने भरा नामांकन, प्रमोद बोरा की पत्नी छवि भी मैदान में सबसे ज्यादा चर्चित नामों में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया का नामांकन रहा, जिन्होंने रामणी आन सिंह सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
उसी सीट से भाजपा नेता प्रमोद बोरा की पत्नी डा. छवि कांडपाल ने भी पर्चा भरा, जिससे सीट पर सियासी समीकरण और दिलचस्प हो गए हैं।
भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह, लेकिन भीतरघात की आहट से बढ़ी चिंता
बेला तोलिया, दीपा दर्मवाल समेत अन्य भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में विधायक सरिता आर्य, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, वरिष्ठ नेता महेश शर्मा, प्रमोद तोलिया सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।
हालांकि, कुछ सीटों पर टिकट न मिलने से नाराज़ भाजपा नेताओं ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर पार्टी की रणनीति को झटका भी दिया है।
तलिया सीट से भाजपा नेता लाल सिंह का निर्दलीय नामांकन पार्टी के लिए चिंता का सबब बना हुआ है।
217 नामांकन पत्र बिक चुके, शनिवार अंतिम दिन
अब तक कुल 217 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है और शनिवार नामांकन का अंतिम दिन है।
शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने वालों में प्रमोद सिंह, दीपा चंदोला, अनीता बेलवाल, मदन सिंह, दिगंबर सिंह, मीना देवी, शेखर चंद्र, सुंदर लाल, बहादुर सिंह नगदली, योगेश आर्य, कृष्णा नंद कांडपाल, विजय लोहनी, आरती, हेमचंद्र, गिरधर पनेरू, छवि कांडपाल, बेला तोलिया, दीपा देवी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।






