खोए मोबाइल की वापसी ने लौटाई मुस्कानें, पुलिस ने बरामद किए 51 मोबाइल
एसओजी/सर्विलांस टीम की मेहनत लाई रंग, 6.40 लाख की संपत्ति लौटाई असल मालिकों को

जन एक्सप्रेस चित्रकूट – जनपद चित्रकूट में मोबाइल खोने वाले नागरिकों के लिए आज का दिन राहत भरा रहा। पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता के चलते 51 गुमशुदा/खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
मोबाइल खोने की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट के समक्ष कई नागरिकों द्वारा समय-समय पर मोबाइल खोने की शिकायतें की गई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस/एसओजी टीम को कार्रवाई का निर्देश दिया गया। टीम ने पूरे समर्पण और तकनीकी कौशल के साथ विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।
प्रभारी सर्विलांस के नेतृत्व में चला ऑपरेशन
इंस्पेक्टर एम.पी. त्रिपाठी के नेतृत्व में सर्विलांस/एसओजी टीम ने अथक प्रयासों के बाद 51 मोबाइल फोन बरामद किए। टीम की मेहनत और सतर्कता का ही परिणाम है कि कई महीनों से मोबाइल से वंचित लोग अब अपना फोन वापस पाकर राहत महसूस कर रहे हैं। इस कार्यवाही ने न सिर्फ आमजन में पुलिस की कार्यशैली के प्रति विश्वास को और मजबूत किया, बल्कि यह भी दिखाया कि पुलिस सिर्फ अपराधियों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की परेशानियों को हल करने में भी पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।






