उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड में भारी बारिश का यलो अलर्ट: चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ा

देहरादून में मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट, उमस से राहत

जन एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय हो गया है और राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बुधवार को कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही चारधाम यात्रा मार्गों पर भी तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

मंगलवार को देहरादून में सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक धर्मपुर, पटेलनगर, आईएसबीटी, रायपुर, प्रेमनगर समेत कई इलाकों में मूसलाधार वर्षा दर्ज की गई। मसूरी में 15.6 मिमी और देहरादून में 13.3 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। बारिश के कारण दून में अधिकतम तापमान गिरकर 31.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता की आवश्यकता है, क्योंकि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भी मध्यम से तीव्र वर्षा हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button