उत्तर प्रदेशचित्रकूटराज्य खबरें

बेड़ी पुलिया चौराहे का होगा भव्य सौन्दर्यीकरण, डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: जनपद में पर्यटन विकास और शहर के सौन्दर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बांदा–चित्रकूट मार्ग स्थित मुख्य मार्ग बेड़ी पुलिया चौराहे के सौन्दर्यीकरण कार्य का निरीक्षण जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने किया। यह परियोजना पर्यटन विभाग की राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत स्वीकृत है, जिसका कार्य यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड, इकाई-13 बांदा द्वारा कराया जा रहा है।
परियोजना की स्वीकृत लागत 620.95 लाख रुपये है तथा कार्य मार्च 2026 से प्रारम्भ किया जाना प्रस्तावित है। योजना के अंतर्गत चौराहे पर प्रवेश द्वार, सैंड स्टोन पाथवे, म्यूरल वॉल, व्यू कटर जाली, छतरी एवं पैडेस्टल, लैंडस्केपिंग व हॉर्टिकल्चर, इलेक्ट्रिकल व लाइटिंग कार्य, डस्टबिन, साइनेज तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजना के अंतर्गत अब तक आर्किटेक्ट द्वारा किए गए साइट विजिट की तिथियों और विवरण की सूचना शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यातायात विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त की गई है या नहीं।
जिलाधिकारी ने चौराहे के निर्माण कार्य में ड्राइंग में संशोधन करते हुए इसकी चौड़ाई लगभग 9 मीटर रखने के निर्देश दिए, ताकि यातायात प्रभावित न हो और आवागमन सुचारु बना रहे। चौराहे पर स्थापित की जाने वाली भगवान रामचंद्र की मूर्ति की ड्राइंग और डिजाइन भी समुचित रूप से तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।
उन्होंने स्थल पर मौजूद ट्रांसफार्मर को हटाने की संभावित लागत का आकलन कराने तथा विद्युत शिफ्टिंग के संबंध में आवश्यक पत्राचार तत्काल करने के निर्देश दिए। साथ ही विकसित किए जा रहे सेल्फी प्वाइंट की 3-डी इमेज और फोटोग्राफ अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद कर्वी के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रस्तावित वेंडिंग जोन, पुलिस बूथ, हॉर्टिकल्चर क्षेत्र और अन्य सुविधाओं के लिए स्थान चिन्हित कर उनकी ड्राइंग और डिजाइन शीघ्र अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की जाए।
हॉर्टिकल्चर कार्य को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्लांटेशन मुख्य रूप से एंट्री और एग्जिट के पास किया जाए। फुटपाथ पर लगभग 3 मीटर की दूरी पर डेकोरेटिव प्लांटर लगाए जाएं और दोनों ओर समान प्रकार के प्लांटर लगाए जाएं, जिससे चौराहे का स्वरूप आकर्षक दिखाई दे। हॉर्टिकल्चर का रख-रखाव नगर पालिका द्वारा किया जाएगा।
इस दौरान यह भी बताया गया कि बेड़ी पुलिया चौराहे के पास पुलिया निर्माण का कार्य नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पुलिया निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button