जौनपुर: छोटी लाइन इमामबाड़े में तोड़फोड़ व चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

जन एक्सप्रेस जौनपुर: जौनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के क़दम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में होली के दिन हुई तोड़फोड़ और चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम के उपनिरीक्षक जयदीप कोल व अन्य पुलिसकर्मियों ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार शाम करीब 6:50 बजे छोटी लाइन मस्जिद के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के निकट से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कन्हैया बिन्द (20) पुत्र पंचम बिन्द, अमर बिन्द उर्फ मंडोले (19) पुत्र पारस बिन्द तथा दीपक बिन्द उर्फ दीपू (24) पुत्र चन्द्रशेखर बिन्द निवासी मानेपुर थाना लाइन बाजार जनपद जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए चांदी के जरीह को बेचकर प्राप्त धन में से शेष रकम क्रमशः 700 रुपये, 650 रुपये और 500 रुपये बरामद हुए। इसके अलावा दीपक बिन्द के पास से आसमानी रंग का एक Realme Narzo मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पूछताछ में तीनों अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 46/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 324(4), 298 और 317(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 4 मार्च को होली के दिन क़दम रसूल छोटी लाइन इमामबाड़े में तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आने के बाद शिया समुदाय और पंजतनी कमेटी के लोगों ने बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान पुलिस प्रशासन ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस ने तीन दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
गिरफ्तारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी निरीक्षक महमूद आलम अंसारी, उपनिरीक्षक जयदीप कोल (चौकी प्रभारी भंडारी), हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, हेड कांस्टेबल समीम अख्तर और कांस्टेबल कुंवर अविनाश सिंह।






