गरीबों की समस्याओं का समय पर निस्तारण ही राष्ट्र प्रेम की सच्ची श्रद्धा—डीएम
प्रभात फेरी और देशभक्ति गीतों से गूंजा जनपद ,डीएम ने स्वतंत्रता की अक्षुण्णता पर दिया बल

जन एक्सप्रेस संवाददाता चित्रकूट। देशभर की तरह जनपद में भी 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्रभात फेरी, ढोल-नगाड़े और देशभक्ति गीतों से पूरा जनपद गूंज उठा। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने प्रातः अपने कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर एवं पटेल तिराहा पर ध्वज फहराया और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
राष्ट्रहित में जिम्मेदारी का निर्वहन जरूरी—डीएम
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता कई बलिदानों और संघर्षों के बाद प्राप्त हुई है, और इसे अक्षुण्ण बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में हुए आतंकी हमले की चर्चा करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देश की एकजुटता को राष्ट्र शक्ति का प्रतीक बताया।उन्होंने अधिकारियों को संदेश दिया कि गरीब और असहाय नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना ही सच्चे राष्ट्र प्रेम की अभिव्यक्ति है। साथ ही, बच्चों को शुरू से ही जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में काम करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अस्पताल में मरीजों से की मुलाकात, फल वितरित किए
जिलाधिकारी व उनकी धर्मपत्नी डॉ. तनुसा टीआर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर जच्चा-बच्चा वार्ड, पोषण पुनर्वास केंद्र, पीएनसी और इमरजेंसी वार्ड में मरीजों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने फल वितरित किए और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
हर घर तिरंगा और राष्ट्र की एकता का संदेश—एडीएम वित्त
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) उमेश चंद्र निगम ने वीर सपूतों को सुमन अर्पित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी शान है और इसे कभी झुकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि सभी को जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के कार्य में एकजुट होना होगा।
छात्राओं ने किया देशभक्ति का प्रदर्शन, मिला सम्मान
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों से सभा को भावविभोर कर दिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं और अध्यापिकाओं को गिफ्ट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) स्वप्निल कुमार यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी, AIG स्टांप राम सुंदर यादव, विभिन्न उप जिलाधिकारी, डॉक्टर, चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






