मूसलाधार बारिश ने छीन लिया गरीबों का आशियाना!
चित्रकूट के पहाड़ी ब्लॉक में कच्चे मकानों की ढहने से बेघर हुए लोग, राहत के इंतजार में पीड़ित परिवार

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (पहाड़ी): बीते कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और गरीब परिवारों के कच्चे मकान एक-एक कर धराशायी हो रहे हैं। विकासखंड पहाड़ी के ग्राम अरछा बरेठी में राधे रमण और जानकी शरण के घर बारिश की मार से गिर गए, जिससे वे खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
छत छिन गई, अब सहारा चाहिए” — पीड़ितों की सरकार से गुहार
हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दोनों परिवार अब बेघर हैं। पीड़ितों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण उनके कच्चे मकान गिर गए हैं और अब वे पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को मजबूर हैं। उनकी अपील है कि शासन-प्रशासन उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास मुहैया कराए, ताकि वे फिर से जीवन की नई शुरुआत कर सकें।
प्रशासन से तत्काल राहत की मांग, ग्रामीणों में चिंता का माहौल
ग्रामीणों में भय का माहौल है क्योंकि बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है और कई अन्य कच्चे घर भी खतरे की जद में हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने और स्थायी समाधान की मांग की है। अब देखना यह होगा कि शासन कब तक इन बेघर लोगों की सुध लेता है।
जब बारिश आफत बन जाए और सरकार राहत न दे — तब गरीब कहां जाए?”






