उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़प्रतापगढ़प्रतापगढ़राज्य खबरें

सम्पूर्ण समाधान दिवस : पुलिस अधीक्षक और एडीएम ने सुनीं जनसमस्याएं

​संयुक्त टीम बनाकर भूमि विवादों के स्थाई निस्तारण के दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़:  जिले में शनिवार को तहसील पट्टी में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसपी दीपक भूकर एवं अपर जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतों को सुना और उनके प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। ​जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देशित किया कि जमीनी विवादों के समाधान के लिए दोनों विभागों की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी जाएं, ताकि विवाद को जड़ से समाप्त किया जा सके। आईजीआरएस और समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों का निस्तारण तय समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और मामले की निष्पक्ष जांच प्राथमिकता होनी चाहिए। राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि खतौनी और मानचित्र (मैप) के सूक्ष्म अवलोकन के बाद ही कोई विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

अधीनस्थ कर्मचारियों को फरियादियों के साथ शालीनता से पेश आने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने की हिदायत दी गई। एसपी दीपक भूकर ने कहा कि प्रशासन और पुलिस का समन्वय ही जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की कुंजी है। मौके पर जाकर पारदर्शी ढंग से कार्यवाही करना हमारी प्राथमिकता है। ​इस दौरान सीओ पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी, तहसील प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक तथा लेखपाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button