आजमगढ़उत्तर प्रदेशराज्य खबरें

आजमगढ़ में ‘वीरों को नमन’ कार्यक्रम: भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को दी श्रद्धांजलि

जन एक्सप्रेस/आजमगढ़ : शहीद दिवस के अवसर पर भारत रक्षा दल द्वारा स्थानीय नेहरू हाल में “वीरों को नमन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देश के महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पथरु यादव एडवोकेट, इंदल चौहान और राजीव श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद उपस्थित वक्ताओं ने शहीदों के जीवन, संघर्ष, विचार और उनके बलिदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कई अधिवक्ताओं और नागरिकों ने भारत रक्षा दल की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज में सच्चाई, ईमानदारी और न्याय को बढ़ावा देने के लिए संगठन सराहनीय कार्य कर रहा है। नए सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों, नीतियों और अभियानों के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉक्टर संतोष सिंह, डॉक्टर जावेद, साक्षी पांडे, डॉक्टर मुस्ताक अहमद, राजकुमार आशीर्वाद, अजय यादव, रामाधीन सिंह और मनीष गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे। साथ ही संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं जैसे शैलेंद्र तिवारी, दीपक जायसवाल, दिनेश मणि, हिमांशु सिंह, इंदल चौहान, प्यारेलाल, जावेद अंसारी, धर्मवीर शर्मा और जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे समाज से अन्याय, शोषण, भ्रष्टाचार और जातिवाद को समाप्त करने के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए हर व्यक्ति का योगदान जरूरी है।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने एक स्वर में समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा और समाज विरोधी शक्तियों का विरोध किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर संगठन के विभिन्न टीमों के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button