पंचायत भवन पर 23 दिन तक लहराता रहा तिरंगा, पयागपुर की ग्राम पंचायत में प्रशासनिक लापरवाही उजागर

जन एक्सप्रेस/बहराइच: जनपद बहराइच के विकासखंड पयागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरा पदार्थ में प्रशासनिक लापरवाही का एक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर पंचायत भवन पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज 18 फरवरी 2026 तक लगातार लहराता रहा। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, राष्ट्रीय पर्व पर ध्वजारोहण के बाद भारतीय ध्वज संहिता के तहत सूर्यास्त से पहले तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतार लिया जाना चाहिए। लेकिन यहां लगभग 23 दिनों तक झंडा उसी तरह फहराता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पंचायत प्रशासन की अनदेखी और लापरवाही को दर्शाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन पर अक्सर ताला लगा रहता है और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति नहीं रहती। ऐसे में भवन की देखरेख और सरकारी नियमों के पालन पर गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि नियमित मॉनिटरिंग होती, तो इतनी लंबी अवधि तक झंडा फहरता नहीं रहता।
इस मामले में जब ग्राम सचिव रविंद्र तिवारी से दूरभाष पर बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा, “शायद मिसअंडरस्टैंडिंग में रह गया होगा, आप फोटो भेज दें, उतरवा दूंगा।” उनके इस बयान से यह स्पष्ट होता है कि पंचायत स्तर पर नियमित निरीक्षण और निगरानी की प्रक्रिया प्रभावी नहीं है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज देश की शान और सम्मान का प्रतीक है, ऐसे में उससे जुड़े नियमों का पालन पूरी गंभीरता से होना चाहिए। उन्होंने संबंधित उच्च अधिकारियों से इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी पयागपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि जांच के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। फिलहाल यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासनिक जवाबदेही की प्रतीक्षा कर रहे हैं।






