
जन एक्सप्रेस/देहरादून/ऋषिकेश : सावन के पवित्र महीने में नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे हरियाणा के कैथल जिले के 28 कांवड़ियों से भरा एक ट्रक शुक्रवार को ऋषिकेश-नीलकंठ मोटर मार्ग पर पलट गया। हादसा सात मोड़ के समीप दुर्गा माता मंदिर के पास हुआ, जहां ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस सेवा और सरकारी अस्पताल की एंबुलेंस की मदद से घायलों को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया।
तीन की हालत गंभीर, एम्स रेफर
डॉक्टरों के अनुसार, दुर्घटना में तीन कांवड़ियों की हालत गंभीर है, जिन्हें एम्स ऋषिकेश हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। शेष कांवड़ियों को हल्की चोटें आई हैं और उनका इलाज एसपीएस अस्पताल में चल रहा है।
बड़ी अनहोनी टली
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, अगर ट्रक कुछ और आगे जाकर पलटता तो गहरी खाई में गिर सकता था, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी।






